छत्तीसगढ़ में बिलासपुर और रायपुर घरौंदा केंद्रों में दिव्यांगों का हाल बेहाल


घरौंदा केंद्रों में अमानवीयता: न डॉक्टर, न इलाज; दिव्यांग बंधे मिले

बिलासपुर (जनसंवाद)। मानसिक एवं शारीरिक रूप से अपंग दिव्यांगजन के लिए संचालित प्रदेश के ‘घरौंदा केंद्रों’ से गंभीर बदहाली और अमानवीयता की तस्वीरें सामने आई हैं। बिलासपुर के पुरुष केंद्र में एक दिव्यांग को पलंग के पाए से बांधकर रखने का बेहद संवेदनशील मामला उजागर हुआ है। मानव के द्वारा पशुओं के ऊपर किए गए क्रूर अत्याचार को पशु क्रूरता नियम के तहत दोषी को कठिन सजा कानून व्यवस्था के तहत दी जाती  है, लेकिन मानव ही मानव को मानव के द्वारा अगर इस तरह की हरकत करें ,तो उसकी सजा क्या होनी चाहिए । ऐसी घटना रायपुर में भी देखी गई है।

कोर्ट कमिश्नरों की रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे

हाई कोर्ट के निर्देश पर नियुक्त कोर्ट कमिश्नरों की टीम ने बिलासपुर और रायपुर केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। टीम की जांच रिपोर्ट के अनुसार:

  • नियमों का उल्लंघन: गाइडलाइन के अनुसार केंद्रों में सप्ताह में दो बार डॉक्टरों का दौरा अनिवार्य है, लेकिन बिलासपुर और रायपुर में महीने में मुश्किल से एक या दो विजिट ही दर्ज की गई हैं।
  • स्टाफ की कमी: निरीक्षण के दौरान 24 घंटे रहने वाले नर्सिंग या पैरामेडिकल स्टाफ की कोई मौजूदगी नहीं मिली।
  • अमानवीय व्यवहार: बिलासपुर केंद्र में जब टीम पहुंची, तो वहां एक दिव्यांग कपड़े से पलंग के पाए से बंधा हुआ मिला। स्टाफ ने दलील दी कि आक्रामक व्यवहार की आशंका के कारण उसे आधे घंटे से बांधा गया था, जबकि इसके लिए कोई डॉक्टरी सलाह या लिखित अनुमति नहीं थी।
  • बदहाली: निरीक्षण में पाया गया कि बिलासपुर केंद्र में भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब और मात्रा कम थी। शौचालयों में भारी गंदगी मिली, जिससे मानसिक रूप से अस्वस्थ निवासियों की समस्याएं और बढ़ रही हैं।

हाई कोर्ट के प्रमुख निर्देश

कोर्ट कमिश्नरों की रिपोर्ट पर गंभीर चिंता जताते हुए हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को निम्नलिखित कड़े निर्देश दिए हैं:

  1. राज्य सरकार को दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत जवाब प्रस्तुत करना होगा।
  2. सरकार स्पष्ट करे कि क्या कोर्ट कमिश्नरों को केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों का सीधा एक्सेस (पहुंच) दिया जा सकता है।
  3. सभी जिला नोडल अधिकारी हर महीने की प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से कोर्ट कमिश्नरों को सौंपेंगे।

रायपुर केंद्र में 5 मौतें, 5 वर्षीय बच्चे के मामले में स्वतंत्र जांच

रायपुर के महिला घरौंदा केंद्र में दर्ज पांच मौतों में शोभा (30), कुमारी बाई (35), मीना (30), कुसुम (45) और 5 वर्षीय बालक कबीर शामिल हैं। कबीर की मौत 10 अगस्त को सेप्सिस और रिफ्रैक्ट्री शॉक के कारण दर्ज है। केंद्र कर्मियों का दावा है कि बच्चा पहले स्वस्थ था और पलंग से गिरने के बाद उसे दौरे पड़े थे, लेकिन अस्पताल के रिकॉर्ड में कई पुरानी गंभीर बीमारियों का जिक्र है। विरोधाभास को देखते हुए कोर्ट कमिश्नर ने किसी स्वतंत्र चिकित्सा विशेषज्ञ से जांच कराने की अनुशंसा की है।

प्रधान संपादक- डॉ दीपक कुमार लहरे

deepak 1977lahare@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *